मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी शिविर

कोलकाता / हुगली 1 फरवरी।  मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी, कोलकाता की ओर से रविवार को भारत सेवा संघ के सहयोग से पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के सिंगूर में निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं स्‍वास्‍थ्‍य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में कुल 310 मरीजों की जांच की गई।

सभी मरीजों की ब्‍लडशुगर, ब्‍लडप्रेशर, ईसीजी व अन्‍य सामान्‍य स्‍वास्‍थ्‍य जांचें निशुल्‍क की गई। इसके साथ ही जरूरतमंद मरीजों को मुफ्त दवाइयां भी वितरित की गईं। स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा गया।

नेत्र परीक्षण के दौरान  40 मरीज मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चिन्हित किए गए, जबकि 85 मरीजों को चश्मे की आवश्यकता पाई गई। मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों के ऑपरेशन आगामी दिनों में कोलकाता स्थित मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अस्पताल में किए जाएंगे।

कैंप कोऑर्डिनेटर अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी के मानद प्रधान सचिव प्रहलाद राय गोयनका की प्रेरणा से आयोजित इस शिविर को सफल बनाने में डॉ. अनिर्बान धर, डॉ. सुकांतो राय एवं डॉ. मलय दास का योगदान सराहनीय रहा। चिकित्सकों की टीम ने पूरे समर्पण के साथ मरीजों की जांच एवं परामर्श किया।

दिवाकर ने बताया कि प्रधान सचिव गोयनका जी का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर गरीब एवं वंचित तबके के लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाना है।

मेडिक्लेम बीमा धारकों के इलाज की सुविधा उपलब्‍ध

अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी में मेडिक्लेम बीमा धारकों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्‍ध है। सोसायटी के अस्‍पताल में आम नागरिकों को न्‍यूनतम शुल्‍क पर बेहतर स्‍वास्‍थ्‍य सेवाएं उपलब्‍ध करवाई जा रही हैं। यहां जनरल वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों से बैड का एक दिन का किराया मात्र 50 रुपए लिया जाता है।