
उदयपुर, 31 जनवरी।(कौशल मून्दडा)
लेकसिटी उदयपुर अब पर्यटन ही नहीं, बल्कि शिक्षा और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में भी नई पहचान बना रही है। सर पदमपत सिंघानिया विश्वविद्यालय (एसपीएसयू) ने उदयपुर में पहली बार विश्वविद्यालय स्तर पर इन-हाउस एआई-संचालित रोबोट काउंसलर “AIRA” लॉन्च कर प्रवेश प्रक्रिया को तकनीक से जोड़ने की अभिनव पहल की है। यह रोबोट संभावित विद्यार्थियों को प्रवेश से जुड़ी जानकारियां वास्तविक समय में उपलब्ध कराएगा और मानव-आधारित काउंसलिंग के साथ डिजिटल सहयोगी की भूमिका निभाएगा।
एसपीएसयू द्वारा स्वयं डिजाइन और विकसित किया गया “AIRA” स्वदेशी नवाचार का उदाहरण है। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. पृथ्वी यादव ने बताया कि यह पहल डिजिटल परिवर्तन, छात्र-केंद्रित सेवाओं और भविष्य की शिक्षा प्रणाली की दिशा में विश्वविद्यालय की सोच को दर्शाती है। वर्तमान में AIRA अंग्रेजी भाषा में संवाद कर रहा है, जबकि आगामी दो माह में इसे हिंदी संवाद के लिए भी सक्षम किया जाएगा, जिससे स्थानीय और ग्रामीण पृष्ठभूमि के विद्यार्थियों को भी समान सुविधा मिल सकेगी।
प्रो-वाइस चांसलर प्रोफेसर प्रसून चक्रवर्ती ने कहा कि एआई रोबोट काउंसलर न केवल प्रवेश संबंधी जानकारी देगा, बल्कि विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का त्वरित समाधान कर प्रवेश प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और सहज बनाएगा। यह पहल उदयपुर जैसे शहर में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में तकनीकी नवाचार को नई दिशा देने वाली मानी जा रही है।
एसपीएसयू उद्योग-संरेखित और भविष्य-केंद्रित शिक्षा के लिए जाना जाता है। विश्वविद्यालय में सस्टेनेबिलिटी मैनेजमेंट में एमबीए, स्पोर्ट्स मैनेजमेंट में बीबीए जैसे कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जो उभरते करियर विकल्पों को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं। टीसीएस, जेके जैसे उद्योगों के सहयोग के चलते छात्रों ने विभिन्न क्षेत्रों में प्रभावी प्लेसमेंट भी हासिल किए हैं।
कौशल विकास के तहत बजाज ऑटो के साथ सर्विस टेक्नीशियन एक्सीलेंस प्रोग्राम भी रोजगारपरक शिक्षा की दिशा में विश्वविद्यालय की व्यापक दृष्टि को दर्शाते हैं।
विश्वविद्यालय ने बताया कि शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के लिए स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी कार्यक्रमों में प्रवेश प्रारंभ हो चुके हैं।






