
गिरिडीह, 29 जनवरी । जिले के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पदम चौक स्थित लाइन मस्जिद मोड़ के समीप गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से हुई इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
मृतक की पहचान 58 वर्षीय चिंतामन दास के रूप में हुई है, जो मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अजीडीह गांव के निवासी थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चिंतामन दास सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज गति से आ रहे ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया गया।
हादसे से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने पदम चौक पर कुछ देर के लिए सड़क जाम कर दिया, जिससे इलाके में आवागमन बाधित हो गया। लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक के चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और क्षेत्र में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना में शामिल ट्रक और उसके चालक की पहचान की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।








