पश्चिम मेदिनीपुर, 23 जनवरी । जिले के बेलदा अंतर्गत बाखराबाद में शुक्रवार को सरस्वती पूजा के पावन अवसर पर ‘आगमनी संघ’ क्लब की ओर से पारंपरिक ‘खूंटी पूजा’ (स्तंभ पूजन) का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के साथ ही आगामी मार्च माह में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक डोल उत्सव और मेले का औपचारिक शुभारंभ हो गया।
इस अवसर पर बाखराबाद बाजार क्षेत्र में एक भव्य और सुसज्जित शोभायात्रा निकाली गई। पारंपरिक वाद्ययंत्रों की थाप पर निकली इस रंगारंग रैली में स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शोभायात्रा के समापन के बाद बाखराबाद स्थित जगन्नाथ मंदिर मैदान में पौराणिक रीति-रिवाजों के अनुसार विधिवत खूंटी पूजा संपन्न की गई।
डोल उत्सव की तैयारियों के साथ-साथ क्लब के सदस्यों ने देश के महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर पराक्रम दिवस भी मनाया। इस दौरान क्लब प्रांगण में नेताजी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
आगमनी संघ क्लब के अध्यक्ष मदन मोहन दास ने बताया कि सामाजिक संस्कृति और स्थानीय परंपराओं को संजोए रखने के उद्देश्य से आगामी तीन मार्च से जगन्नाथ मंदिर मैदान में भव्य डोल उत्सव का आयोजन किया जाएगा। मेले के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ विभिन्न जन-जागरूकता शिविरों का भी आयोजन किया जाएगा, ताकि उत्सव के माध्यम से समाज को सकारात्मक संदेश दिया जा सके।
