
पलामू, 16 जनवरी । जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के गुरहा गांव में एक 25 वर्षीय अज्ञात युवक की हत्या करने के बाद उसका शव जला दिया गया। शुक्रवार को उसका अधजला शव मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की जांच करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार गुरहा गांव के आसपास के लोगों ने कब्रिस्तान के पीछे सुनसान इलाके में एक युवक का अधजला शव देखा। इसे लेकर बड़ी संख्या में लोग शव काे देखने के लिए मौके पर पहुंचे। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पहचान कराने की कोशिश की।
हालांकि शव की पहचान स्थानीय लोगों ने नहीं की, लेकिन चर्चा है कि युवक शाहपुर इलाके का रहने वाला है। युवक की हत्या किसने की और शव कैसे जलाया गया, इसके लिए पुलिस कई स्तरों पर जांच कर रही है।
चैनपुर के थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा ने बताया कि पुलिस पूरे मामले में छानबीन कर रही है। युवक की पत्थर से कुचलकर कर हत्या करने के बाद उसके शव को जलाया गया है। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।








