गंगा मिशन

भोजन, आवास और चिकित्‍सा की सुविधा  

ओंकार समाचार 

कोलकाता/ गंगासागर, 14 जनवरी।  गंगा सागर मेला 2026 के अवसर पर गंगा मिशन  की ओर से विशाल सेवा शिविर का आयोजन कर श्रद्धालुओं के लिए भोजन आवास और चिकित्‍सा की व्‍यवस्‍था की गई है।

यह सेवा शिविर गंगासागर में रोड नंबर 4 में  लगाया गया है। इस शिविर में यात्रियों के आवास,भोजन और चिकित्‍सा की व्‍यवस्‍था की गई है। शिविर का उद्घाटन 10 जनवरी को गंगा मिशन के राष्‍ट्रीय महा सचिव प्रह्लाद रॉय गोयनका ने किया। एक हजार श्रद्धालुओं के आवास की क्षमता वाले इस शिविर में 5000 से अधिक लोगों ने आवास व्‍यवस्‍था का लाभ उठाया है। शिविर में सुबह शाम दोनों समय के भोजन की व्‍यवस्‍था है। यहां प्रतिदिन 5000 श्रद्धालु भोजन ग्रहण कर रहे हैं। अब तक 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं को भोजन उपलब्‍ध करवाया गया और 5 हजार से अधिक लोगों को चिकित्‍सा सेवा उपलब्‍ध करवाई जा चुकी है।

शिविर में श्रद्धालुओं के स्‍वास्‍थ्‍य की जांच भी की जा रही है। ईसीजी जांच, ब्लड शुगर टेस्ट, ब्लड प्रेशर जांच सहित अन्य सामान्य चिकित्सकीय सेवाएँ प्रदान की जा रही हैं। साथ ही सभी जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया जा रहा है। सर्दी के प्रकोप को देखते हुए जरूरत मंद श्रद्धालुओं को प्रतिदिन 500 कंबल बांटे जा रहे हैं अब तक 2000  कंबल बांटे जा चुके है। यह सेवा 15 जनवरी तक लगातार जारी रहेगी।

दूसरा शिविर चिंशुरा आरोग्‍य के सहयोग से रोड नंबर 3 पर आयोजित किया गया है। इस शिविर में गंगा मिशन की ओर से यात्रियों को चिकित्‍सा सुविधा प्रदान की जा रही है। इस शिविर में भी 15 जनवरी तक सेवा कार्य जारी रहेंगे।