
हजारीबाग, 11 जनवरी । लोकनायक जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कारा, हजारीबाग से 31 दिसंबर 2025 की रात फरार हुए तीन सजायाफ्ता कैदियों को हजारीबाग पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में विस्तृत जानकारी दी। एसपी ने बताया कि तीनों कैदियों को महाराष्ट्र राज्य के सोलापुर जिला अंतर्गत करमाला थाना क्षेत्र से विधिवत गिरफ्तार किया गया है और ट्रांजिट रिमांड पर उन्हें हजारीबाग लाया गया है।
एसपी अंजनी अंजन ने बताया कि 31 दिसंबर 2025 को सुबह करीब सात बजे सूचना मिली थी कि रात लगभग 1:30 बजे केंद्रीय कारा के सेक्टर संख्या-6 के वार्ड संख्या-4 से तीन सजायाफ्ता कैदी फरार हो गए हैं।
सूचना मिलते ही उपायुक्त सहित पुलिस के वरीय अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले को गंभीर मानते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू की गई। जांच में सामने आया कि फरार कैदी देवा भुइयां उर्फ देव कुमार भुइयां, राहुल रजवार और जितेंद्र रवानी तीनों धनबाद जिले के निवासी हैं और पोक्सो एक्ट के मामलों में सजायाफ्ता हैं।
तीनों ने जेल की खिड़की की लोहे की रॉड काटकर, चादर से रस्सी बनाकर और लोहे के हुक की मदद से पहले आंतरिक दीवार, फिर बाहरी बाउंड्री फांदकर फरारी को अंजाम दिया।
एसपी ने बताया कि घटना को चुनौतीपूर्ण मानते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में तीन एसआईटी टीमों का गठन किया गया। एक टीम तकनीकी शाखा के सहयोग से काम कर रही थी, दूसरी टीम कैदियों के संभावित मूवमेंट को खंगाल रही थी, जबकि तीसरी टीम लगातार विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर रही थी। जांच के दौरान यह सामने आया कि फरारी के बाद तीनों कैदी अलग-अलग माध्यमों से बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश होते हुए महाराष्ट्र पहुंचे, जहां वे ईंट-भट्ठे में मजदूरी कर छिपे हुए थे।








