पलामू, 23 नवंबर । पलामू जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान बाराती कार और अज्ञात वाहन के धक्के से दो युवकों की मौत हो गई। दोनों घटनाएं रेहला थाना क्षेत्र में हुई। पहली घटना कधवन गांव में हुई। यहां बाराती कार की चपेट में आने से मजदूर की मौत हो गई। वहीं, बरवाडीह गांव में अज्ञात वाहन के धक्के से बिजली मिस्त्री की मौत हो गई। दोनों के शवों का पोस्टमार्टम रविवार दोपहर एमएमसीएच में किया गया।
बरवाडीह गांव में खेत पर जा रहे 35 वर्षीय युवक कन्हाई राम को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। बिश्रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद एमएमसीएच में इलाज के क्रम में शनिवार रात कन्हाई की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात कन्हाई राम पैदल ही घर के समीप खेत पर धान कटवाने जा रहे थे। विश्रामपुर -बी मोड मुख्य मार्ग पर अचानक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। परिजन उन्हें इलाज के लिए विश्रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ले गए, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एमएमसीएच रेफर कर दिया गया। कन्हाई बिजली मिस्त्री का काम करते थे। उनके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं घटना के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल बना हुआ है। घटना में शामिल वाहन का पता पुलिस लग रही है।
कधवन गांव के पास शनिवार शाम बाराती कार ने 47 वर्षीय मजदूर हजरत अंसारी को टक्कर मार दी। गंभीर स्थिति में उसे इलाज के लिए एमएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां कुछ देर इलाज चलने के बाद रात में उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम कराने आए हजरत के पुत्र ने घटना की पूरी जानकारी दी। पुत्र के अनुसार हजरत मजदूरी करते थे। शनिवार को बी मोड़ के पास केतात गांव में मजदूरी करने गए थे और वहां से घर लौट रहे थे। कधवन गांव में घर से कुछ दूर पहले पीछे से आ रही बाराती स्विफ्ट डिजायर कार ने हजरत को टक्कर मार दी। घटना के बाद चालक बारातियों को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। इस कार से ही हजरत को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिश्रामपुर ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एमएमसीएच रेफर कर दिया गया। यहां अस्पताल में इलाज के क्रम में मौत हो गई। हजरत के दो बेटे हैं। मजदूरी करके परिवार चलाते थे। परिवार में एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। परिजनों ने इलाज के बाद टक्कर मारने वाली कार को रेहला थाना के हवाले कर दिया है।
