धनबाद, 25 सितंबर। गोविंदपुर थाना क्षेत्र के बरवा पूर्व स्थित पीएम श्री महेंद्र +2 उच्च विद्यालय की छात्राओं ने प्रधानाचार्य राजेश शर्मा पर अश्लील टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए विद्यालय के गेट पर प्रदर्शन किया और उनके निलंबन की मांग की।
छात्राओं का आरोप है कि परीक्षा के दौरान बैठने के लिए बेंच-टेबल की मांग करने पर प्रधानाचार्य ने उन्हें अश्लील तरीके से अपनी गोदी में बैठने की बात कही। इससे गुस्साई छात्राएं मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गईं और जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग से कार्रवाई की मांग की।
घटना की जानकारी मिलने पर छात्राओं के परिजन भी विद्यालय पहुंच गए और उन्होंने भी हंगामा किया। स्थिति बिगड़ते देख गोविंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और समझा-बुझाकर छात्राओं व परिजनों को शांत कराया। पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच कर दोषी पाए जाने पर प्रधानाचार्य के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस संबंध में पूछे जाने पर धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने मामले की जानकारी से अनभिज्ञता जताई है।


















