आसनसोल, 08 नवंबर । पश्चिम बंगाल से झारखंड में अवैध रूप से शराब की तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है। जामताड़ा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर महेशमुंडा चेकपोस्ट पर छापेमारी कर 434 बोतल अंग्रेजी शराब जब्त की है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कॉर्पियो और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, 7 नवंबर को पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के बाद छापेमारी टीम गठित की गई थी।
महेशमुंडा चेकपोस्ट पर वाहन जांच के दौरान बंगाल की ओर से आ रही स्कॉर्पियो (WB40AR-1027) को रोककर तलाशी ली गई। इसमें अलग-अलग ब्रांड की 434 बोतल अंग्रेजी शराब मिली।
जब्त शराब में इम्पीरियल ब्लू की 240, आइकॉनिक व्हाइट की 92, ब्लेंडर्स प्राइड की 36, ऑफिसर्स चॉइस की 42 और स्नोकी की 24 बोतल शामिल हैं।
जांच के दौरान पुलिस को स्कॉर्पियो पर दो नंबर प्लेट लगी मिलीं। दोनों पर झारखंड का नंबर JH15AC-4759 दर्ज था। पुलिस ने इसे भी जब्त कर लिया। स्कॉर्पियो में सवार अमित कुमार और चंदन कुमार को गिरफ्तार किया गया। वहीं, तस्करी के लिए रास्ते की रेकी करने के आरोप में मोटरसाइकिल सवार दयामय मंडल को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपितों के पास से चार मोबाइल फोन और कुल 26,200 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार अमित कुमार (29) और चंदन कुमार (38) बिहार के बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के निवासी हैं, जबकि दयामय मंडल झारखंड के देवघर जिले के खागा थाना क्षेत्र के बगदाहा का रहने वाला है।
यह कार्रवाई नाला थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक विकास यादव के नेतृत्व में की गई। पुलिस अब इस तस्करी के पीछे सक्रिय नेटवर्क और शराब की आपूर्ति से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।
