vidhan

रामगढ़, 31 अक्टूबर । झारखंड विधानसभा की अनागत प्रश्न क्रियान्वयन समिति ने शनिवार को रामगढ़ जिले का दौरा किया। इस दौरान परिसदन में समिति के सभापति सुरेश पासवान की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के सदस्य राम सूर्या मुंडा भी मौजूद थेे। इस दौरान विधानसभा में विभिन्न विभागों से संबंधित उठाए गए प्रश्नों, उनके क्रियान्वयन, लंबित मामलों और अब तक की गई कार्रवाई की विभागवार समीक्षा की गई।

बैठक में सभापति सुरेश पासवान ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विधानसभा में जनप्रतिनिधियों की ओर से उठाए गए प्रश्नों को गंभीरता से लिया जाए और उनका निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विधानसभा में उठाए जाने वाले प्रश्न सीधे तौर पर आम जनता की समस्याओं और जनहित से जुड़े होते हैं। ऐसे में इनका समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सरकार और प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और लंबित मामलों के जल्द निष्पादन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। साथ ही स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े मामलों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

समिति के सदस्य राम सूर्या मुंडा ने भी विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जवाबदेही के साथ काम करने की बात कही। उन्होंने कहा कि विधानसभा में उठाए गए प्रश्न आम नागरिकों की समस्याओं और अपेक्षाओं को सामने लाते हैं। इसलिए संबंधित विभागों को इनके प्रति संवेदनशील रहते हुए आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने विभागीय रिपोर्ट में सही, स्पष्ट और अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।

बैठक के दौरान जिले के विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने अपने-अपने विभाग से संबंधित विधानसभा प्रश्नों और उनके अनुपालन की वर्तमान स्थिति की जानकारी समिति को दी। समिति ने विभागवार रिपोर्ट की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।

मौके पर प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता बनाए रखने एवं आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में जिले के विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी सहित अन्य उपस्थित थे।