सिलीगुड़ी, 25 अक्टूबर । सिलीगुड़ी के पास बागडोगरा के बैंगडूबी स्थित सेना के 16 एफएडी इलाके में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रविवार तड़के सुबह किसी तरह एक हाथी का बच्चा (शावक) सेना के कैंप के भीतर बने एक सेप्टिक टैंक में गिर गया।
जैसे ही यह बात सेना के जवानों की नजर में आई, उन्होंने तुरंत मोर्चा संभाला और बचाव कार्य शुरू कर दिया। साथ ही तुरंत वन विभाग को भी इसकी सूचना दी गई।
टैंक के अंदर फंसे छोटे से हाथी के बच्चे को बाहर निकालना आसान नहीं था। सूचना पाकर सेना के जवान, दमकलकर्मी और वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और संयुक्त रूप से बचावकार्य शुरू किया गया।
आखिरकार, लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सेप्टिक टैंक के ढांचे को तोड़कर हाथी के बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद वन विभाग ने शावक को उसके हाथियों के झुंड से वापस मिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी पूजा से ठीक पहले बागडोगरा और बैंगडूबी से लगे इलाकों में हाथी के बचावकार्य को लेकर काफी चिंता और हड़कंप की स्थिति बन चुकी है। उस दौरान एक हाथी के बच्चे को बचाने के चक्कर में एक बड़ा हाथी जलाशय में डूब गया था, जिसके बाद वन विभाग और सेना की तत्परता से वहां भी बचावकार्य चलाया गया था।
