अधिवक्ता और उनकी पत्नी की पुण्यतिथि पर बुजुर्गों के बीच मच्छरदानियों का वितरण

खूंटी, 25 अक्टूबर । कर्रा प्रखंड के ग्राम बिकुवादाग निवासी अधिवक्ता राधेश्याम शर्मा और उनकी पत्नी कमला देवी की 16 वीं पुण्यतिथि पर रविवार को बिकुवादाग गांव में बुजुर्गों के बीच मच्छरदानियों का वितरण किया गया।

इस अवसर पर उनके पुत्र और परिजनों ने दिवंगत दंपती के चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके जीवन मूल्यों को याद किया।

पुण्यतिथि के अवसर पर परिजनों ने सामाजिक सरोकार का परिचय देते हुए गांव के बुजुर्गों के बीच मच्छरदानियों का वितरण किया। इस पहल का उद्देश्य मलेरिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों से बचाव करना और लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था। परिजनों की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का एक सार्थक प्रयास बताया गया।

राधेश्याम शर्मा के पुत्र अधिवक्ता रविंद्र शर्मा ने कहा कि माता-पिता की स्मृति को जीवंत बनाए रखने का सबसे अच्छा तरीका जरूरतमंदों की सेवा करना और समाजहित में कार्य करना है। उन्होंने कहा कि दिवंगत माता-पिता के संस्कारों और जीवन मूल्यों को आत्मसात करते हुए समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों की मदद करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को सामाजिक सेवा के साथ-साथ मलेरिया से बचाव के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया गया।

इस अवसर पर सदन गोपाल शर्मा, रमाकांत शर्मा, गीता शरण शर्मा, दिलीप कुमार शर्मा, वीरेंद्र कुमार शर्मा, अशोक कुमार शर्मा, अश्विनी शर्मा सहित अन्य परिजन और ग्रामीण उपस्थित थे।