खूंटी, 17 अक्टूबर ।उपायुक्त मो० जावेद हुसैन ने शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मुरहू में दवा वितरण केंद्र और मॉडल कुपोषण उपचार केंद्र (एमटीसी) का उद्घाटन किया।
इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण कर मरीजों को बेहतर उपचार और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही, प्रखंड कार्यालय परिसर में प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट का भी उद्घाटन किया।
स्वास्थ्यकर्मियों को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में बेहतर कार्य के लिए सेवा, समर्पण और संवेदनशीलता जरूरी है।
मरीजों की समस्याओं को समझकर उनकी सहायता करना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्यकर्मियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। जिला प्रशासन स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए हरसंभव सहयोग करेगा।
उद्घाटन के बाद उपायुक्त ने ओपीडी, नेत्र जांच कक्ष, टीकाकरण कक्ष, एक्स-रे कक्ष, मातृत्व एवं प्रसव कक्ष, शल्य कक्ष, दवा स्टोर और प्रयोगशाला सहित विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। उन्होंने दवाओं की उपलब्धता, मरीजों की संख्या, टीबी एवं कुष्ठ रोग के मामलों और आपातकालीन सेवाओं की जानकारी ली।
उन्होंने दवाओं को एक्सपायरी से बचाने, पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त रखने तथा जांच रिपोर्ट समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वार्ड में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनके उपचार की स्थिति भी जानी।
मॉडल कुपोषण उपचार केंद्र के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने शत-प्रतिशत ऑक्यूपेंसी सुनिश्चित करने तथा सहिया और सेविकाओं के माध्यम से कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें उपचार के लिए केंद्र तक लाने को कहा। बेहतर कार्य करने वाली सहिया एवं सेविकाओं को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
वहीं, टीबी मरीजों के बीच फूड बास्केट वितरित किए गए और दालचीनी का पौधा लगाकर हर्बल गार्डन की शुरुआत की गई।
मौके पर सिविल सर्जन डॉ ललित रंजन पाठक सहित अन्य चिकित्सक और कर्मचारी मौजूद थे।
