कोलकाता, 17 अक्टूबर । आदिशक्ति के बोधन के साथ ही पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा का उल्लास अपने चरम पर पहुंच गया है। शुक्रवार को महाषष्ठी की रात राजधानी कोलकाता समेत पूरे राज्य के पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं का भारी जनज्वार उमड़ पड़ा। लाखों की संख्या में लोग नए परिधानों में सज-धज कर देवी दुर्गा के दर्शन के लिए सड़कों पर उतरे। जैसे-जैसे रात गहराती गई, महानगर के पंडालों की ओर बढ़ने वाले दर्शनार्थियों की भीड़ में भी इजाफा होता गया और पूरी रात महानगर की सड़कें रोशनी और लोगों की चहल-पहल से गुलजार रहीं।
उत्तर से लेकर दक्षिण कोलकाता तक हर तरफ उत्सव का ही नजारा है। श्रीभूमि स्पोर्टिंग क्लब, संतोष मित्रा स्क्वायर, कॉलेज स्क्वायर, मोहम्मद अली पार्क, बोसपुकुर शीतला मंदिर, जोधपुर पार्क, सिंघी पार्क, चोरबगान सार्वजनीन, मानिकतल्ला चालताबगान लोहापट्टी, दमदम तरुण दल, दमदम पार्क, जगत मुखर्जी पार्क, अहिरीटोला सार्वजनिन, राजडांगा नबो उदय संघ, हिंदुस्तान पार्क, एकडालिया एवरग्रीन, टाला प्रत्यय और तेलीपुकुर युवा संघ समेत तमाम प्रमुख पूजा पंडालों में रात भर भारी भीड़ देखी गई। कहीं भव्य प्रतिमाएं श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर रही हैं, तो कहीं अनूठी कलाकारी और कल्पनाशील सजावट लोगों को अपनी ओर खींच रही है।
कोलकाता की भव्य पूजा का गवाह बनने के लिए हावड़ा, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, हुगली, पूर्व और पश्चिम बर्दवान समेत राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में लोग कोलकाता पहुंच रहे हैं। षष्ठी की रात मौसम ने भी श्रद्धालुओं का पूरा साथ दिया। गुरुवार दोपहर को हुई मूसलाधार बारिश के बाद शुक्रवार को मौसम साफ रहने से लोगों का उत्साह दोगुना हो गया। पूजा घूमने के साथ-साथ सड़कों के किनारे सजे फूड स्टॉल और रेस्तरां भी लोगों की भीड़ से पटे पड़े हैं, जहां विभिन्न व्यंजनों का लुत्फ उठाया जा रहा है।
इससे पहले दिन में, पूजा पंडालों में कल्पारंभ और देवी के आह्वान के लिए बोधन अनुष्ठान के साथ बंगाल के इस सबसे बड़े त्योहार की औपचारिक शुरुआत हुई। अकाल बोधन अनुष्ठान महिषासुर के खिलाफ युद्ध के लिए देवी दुर्गा को जागृत करने का प्रतीक है, जो भगवान राम द्वारा देवी के आह्वान की पौराणिक कथा से जुड़ा है। इस अवसर पर महिलाओं ने अपने परिवार और बच्चों की सुख-समृद्धि के लिए विशेष प्रार्थना की। राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं।
लाखों की इस भीड़ को सुव्यवस्थित तरीके से संभालने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है। भीड़ प्रबंधन को लेकर पुलिस प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है। शहर के चप्पे-चप्पे पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों और सिविक वालंटियरों की तैनाती की गई है। यातायात को सुचारू रखने और पुलिस का सहयोग करने के लिए एनसीसी कैडेट भी मुस्तैदी से अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। पारंपरिक मोहल्ला पूजा से लेकर भव्य थीम आधारित पंडालों तक, आने वाले दिनों में विजयदशमी यह जनसैलाब और अधिक बढ़ने की उम्मीद है।
