चेन्नई, 15 अक्टूबर । तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई के अंबत्तूर में सिंगापुर की कंपनी कैपिटलैंड के 46 मेगावाट क्षमता वाले डेटा सेंटर का उद्घाटन गुरुवार को मुख्यमंत्री जोसेफ विजय और सिंगापुर के उपप्रधानमंत्री गान किम योंग ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान सिंगापुर की एक पारंपरिक रस्म ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। उद्घाटन के अवसर पर रिबन काटने के बजाय अनानास का फल लुढ़काया गया।
करीब 4,900 सर्वर रैक की क्षमता वाले इस डेटा सेंटर का उद्घाटन गुरुवार सुबह किया गया। आमतौर पर तमिलनाडु में किसी समारोह या प्रतिष्ठान की शुरुआत रिबन काटकर की जाती है, लेकिन इस मौके पर सिंगापुर की परंपरा का पालन किया गया।
सिंगापुर में नए घर में प्रवेश या नया कार्यालय शुरू करने के अवसर पर मुख्य द्वार से अंदर की ओर अनानास लुढ़काने की परंपरा प्रचलित है। इसे धन, सौभाग्य और समृद्धि को आमंत्रित करने का प्रतीक माना जाता है।
इस परंपरा का संबंध सिंगापुर के चीनी समुदाय की होक्किएन भाषा से भी जुड़ा है। इस भाषा में अनानास को ‘ओंग लाई’ कहा जाता है, जिसका अर्थ सौभाग्य या समृद्धि के आने से जोड़ा जाता है। मान्यता है कि अनानास को अंदर की ओर लुढ़काना समृद्धि को घर या कार्यालय में आमंत्रित करने का प्रतीक है।
इस रस्म के दौरान लोग अनानास लुढ़काते हुए ‘हुआट आ’ का उद्घोष भी करते हैं। इस अभिव्यक्ति का आशय समृद्धि और खुशहाली की कामना से है। सिंगापुर में नए व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की शुरुआत के समय भी इस परंपरा का पालन किया जाता है।
कुछ मान्यताओं के अनुसार, रस्म पूरी होने के बाद अनानास को पेड़ के नीचे रख दिया जाता है। इसे समृद्धि और सौभाग्य के लगातार बने रहने का प्रतीक माना जाता है।
फेंगशुई की मान्यताओं में अनानास को धन और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। कुछ लोग इसे घर या कार्यालय के अलग-अलग हिस्सों में लुढ़काने को सकारात्मक ऊर्जा के स्वागत और खुशहाली से जोड़ते हैं। हालांकि, ये पारंपरिक सांस्कृतिक मान्यताएं हैं, वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित तथ्य नहीं।
चेन्नई के डेटा सेंटर के उद्घाटन में इस रस्म को अपनाने से सिंगापुर की सांस्कृतिक परंपरा और व्यावसायिक आयोजन का एक अनूठा मेल देखने को मिला।
