मुर्शिदाबाद, 12 अक्टूबर । पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में रघुनाथगंज बस स्टैंड के पास पुलिस ने छापेमारी कर 300 ग्राम हेरोइन के साथ चार युवकों को गिरफ्तार किया है। रविवार रात रघुनाथगंज थाने की पुलिस ने मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार युवकों की पहचान मोहम्मद खालिद अंसारी (33), मुकद्दम अंसारी (23), मोहम्मद अरशद हक (24) और साहेब शेख के रूप में हुई है। चारों रघुनाथगंज थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, चारों आरोपितों को सोमवार को अदालत में पेश किया गया। जांच के सिलसिले में पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेने की मांग की।
पुलिस को बस स्टैंड के आसपास मादक पदार्थों के भंडारण और कारोबार की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने इलाके में निगरानी शुरू की। छापेमारी के दौरान चार संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 300 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। इस सिलसिले में आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।
