कोलकाता, 12 अक्टूबर। बंगाल चैंबर ऑफ कॉमर्स हॉल में डायरेक्ट टैक्सेस प्रोफेशनल्स एसोसिएशन (डीटीपीए) द्वारा शनिवार को एक विशेष इंटरैक्टिव सेशन का सफल आयोजन किया गया। इस सेमिनार का मुख्य विषय ‘इनकम टैक्स एक्ट 2025’ था, जिसे देश के प्रख्यात कर विशेषज्ञ सीए (डॉ.) गिरीश आहूजा ने संबोधित किया।
अपने संबोधन में डॉ. गिरीश आहूजा ने आयकर कानून 2025 के नए बदलावों, कैपिटल गेन्स (पूंजीगत लाभ), टीडीएस (TDS) तथा अन्य महत्वपूर्ण कर प्रावधानों पर गहराई से प्रकाश डाला। उन्होंने करदाताओं और पेशेवरों के सामने आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों और उनके समाधानों पर भी विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ एडवोकेट नारायण जैन ने डॉ. आहूजा के ज्ञान की सराहना की और उन्हें ‘इनकम टैक्स का इनसाइक्लोपीडिया (ज्ञानकोश)’ करार दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत में सीए महेंद्र अग्रवाल ने स्वागत भाषण दिया और उपस्थित अतिथियों का अभिनंदन किया। इसके पश्चात एडवोकेट अंकित कनोडिया ने मुख्य वक्ता डॉ. गिरीश आहूजा का औपचारिक परिचय प्रस्तुत किया।
सत्र के दौरान सीए के.एन. गुप्ता, सीए एन.के. गोयल, एडवोकेट आर.डी. काकरा और सीए श्याम अग्रवाल ने मंच पर मौजूद गणमान्य अतिथियों का सम्मान किया। अंत में, सीए सुजीत सुल्तानिया ने सभी उपस्थित सदस्यों, वक्ताओं और आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इस सेमिनार में बड़ी संख्या में कर पेशेवरों और सीए सदस्यों ने भाग लिया।
