onkkkk

कूचबिहार, 10 अक्टूबर। शहर स्थित ऐतिहासिक नरेंद्र नारायण पार्क में शनिवार को पूजा बोनस नहीं मिलने से नाराज एक सफाईकर्मी ने विरोध प्रदर्शन किया। उसने पार्क के मुख्य गेट के सामने कचरा जमा कर प्रवेश द्वार बंद कर दिया। इससे पार्क में घूमने आए पर्यटकों और अन्य लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रदर्शनकारी बापा हरिजन का आरोप है कि उनकी मां पिछले करीब 40 वर्षों से पार्क में सफाईकर्मी के रूप में काम करती रही हैं और वर्तमान में वह खुद यह जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इसके बावजूद वेतन में बढ़ोतरी नहीं हुई है। उनका कहना है कि हर साल दुर्गापूजा से पहले बोनस देने का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन वास्तव में उन्हें बोनस नहीं मिलता है।इस वर्ष भी पूजा से पहले बोनस नहीं मिलने पर वह पार्क के बड़े अधिकारी से शिकायत करने पहुंचे थे। हालांकि, वहां से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने पार्क के मुख्य द्वार के सामने कचरा जमा कर विरोध जताया। इसके कारण छुट्टी के दिन पार्क घूमने आए कई लोग प्रवेश द्वार पर ही रुक गए।

वहीं, पार्क के सुपरवाइजर गणेश राउत ने बताया कि बड़े अधिकारी को इस घटना की जानकारी नहीं है। लंबे समय से काम कर रहे सफाईकर्मी को पूजा बोनस क्यों नहीं मिला, इसे लेकर सवाल उठने लगे हैं।