सांसद

पश्चिमी सिंहभूम, 09 अक्टूबर । शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत कर सुदूरवर्ती क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना जरूरी है। इसी उद्देश्य से पुटुंगा उत्क्रमित उच्च विद्यालय की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने का प्रयास किया जाएगा। सांसद जोबा माझी ने शुक्रवार को पश्चिमी सिंहभूम जिले के आनंदपुर प्रखंड स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय पुटुंगा के वार्षिकोत्सव समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने विद्यालय को भविष्य में प्लस टू का दर्जा दिलाने, शिक्षकों की कमी दूर करने और विद्यार्थियों के लिए खेल मैदान सहित जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में पहल करने का भरोसा दिया।

सांसद जोबा माझी ने कहा कि पुटुंगा विद्यालय ने लंबे संघर्ष के बाद उत्क्रमित उच्च विद्यालय का दर्जा हासिल किया है। कभी खपरैल भवन से शुरू हुए इस विद्यालय में धीरे-धीरे सुविधाओं का विस्तार हुआ है। फिलहाल विद्यालय की चारदीवारी का निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अभी कई बुनियादी सुविधाओं की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज में सकारात्मक बदलाव का आधार है। क्षेत्र के प्रत्येक घर तक शिक्षा का प्रकाश पहुंचाना जरूरी है, ताकि दूरदराज के इलाकों के बच्चे भी बेहतर भविष्य बना सकें।

उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को आश्वस्त किया कि विद्यार्थियों की जरूरतों और विद्यालय की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए संबंधित स्तर पर पहल की जाएगी। शिक्षकों की कमी दूर करने की दिशा में भी प्रयास होगा, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित नहीं हो।

इससे पहले विद्यालय में वार्षिकोत्सव का आयोजन रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच हुआ। सांसद जोबा माझी मुख्य अतिथि और प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिषेक कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। विद्यार्थियों ने पारंपरिक नृत्य और संगीत से अतिथियों का स्वागत किया। अतिथियों ने पारंपरिक पत्थर धुलाई कार्यक्रम में भी भाग लिया। छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह का माहौल बन गया।

कार्यक्रम में रोबोकेरा थाना प्रभारी लालू प्रसाद, मनोहरपुर के उपप्रमुख दीपक एक्का, जुनूल कंडुलना, कोमल भुइंया, अजय कच्छप, कालीपद सोरेन, सूर्य प्रताप सिंहदेव, राजेश भुइंया, सूरसेन भुइंया, संजीव गंताइत, राजू सिंह सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी और अभिभावक उपस्थित थे।