jhar

खूंटी, 09 अक्टूबर । स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग के निर्देश पर कर्रा प्रखंड के नौ विद्यालयों में शुक्रवार को समग्र शिक्षा अभियान एवं मध्याह्न भोजन योजना का सामाजिक अंकेक्षण किया गया। इसके बाद शुक्रवार को प्रखंड स्तरीय जनसुनवाई आयोजित की गई। इसमें जिला परिषद उपाध्यक्ष मंजू देवी, प्रखंड प्रमुख अंजनी देवी और कर्रा पंचायत की मुखिया रश्मि लकड़ा उपस्थित रहीं।

सामाजिक अंकेक्षण के दौरान विद्यालयों में संचालित कल्याणकारी योजनाओं की स्थिति की जानकारी ली गई। इसमें विद्यार्थियों को पाठ्य पुस्तकें, छात्रवृत्ति और पोशाक का लाभ मिल रहा है या नहीं, इसकी समीक्षा की गई। साथ ही विद्यालयों में वर्ग कक्ष, खेल मैदान, डिजिटल कक्षा, शिक्षक प्रशिक्षण और अन्य बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता की भी जांच की गई।

मध्याह्न भोजन योजना के तहत मेन्यू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराने, किचन शेड की स्थिति, बच्चों को अंडा और फल देने, थाली-गिलास और पेयजल की व्यवस्था से संबंधित बिंदुओं पर जानकारी ली गई।

सामाजिक अंकेक्षण के राज्य समन्वयक राजेंद्र गुड़िया ने कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य विद्यालयों की व्यवस्था में सुधार करना है। अंकेक्षण के माध्यम से संबंधित पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के समक्ष समस्याएं रखी जाती हैं, ताकि आवश्यक सुधार सुनिश्चित किया जा सके।

जनसुनवाई में प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी मनमोहन साहू, अंकेक्षण टीम के प्रखंड समन्वयक जगदीश महतो सहित संबंधित विद्यालयों के शिक्षक उपस्थित थे।