अग्रवाल सभा धूमधाम से मनाएगी महाराजा अग्रसेन जयंती, 10 और 11 अक्टूबर को होंगे कार्यक्रम

-भव्य शोभायात्रा, पूजा-अर्चना, सम्मान समारोह और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आकर्षण

रांची, 09 अक्टूबर । अग्रवाल सभा रांची की ओर से महाराजा अग्रसेन जयंती हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाई जाएगी। इस अवसर पर 10 और 11 अक्टूबर को दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों में भव्य शोभायात्रा, पूजा-अर्चना, माल्यार्पण, सम्मान समारोह और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण होंगी।

सभा की मीडिया प्रभारी रीना सुरेखा ने बताया कि समारोह के पहले दिन, 10 अक्टूबर को अपराह्न तीन बजे महाराजा अग्रसेन भवन से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों और क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। इसमें महाराजा अग्रसेन की आकर्षक झांकियां शामिल होंगी। समाज के पुरुष और महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर आयोजन की शोभा बढ़ाएंगे।

उन्होंने बताया कि शोभायात्रा के माध्यम से महाराजा अग्रसेन के आदर्शों, सामाजिक समरसता, सेवा, सहयोग और समानता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

जयंती के अवसर पर 11 अक्टूबर, रविवार को सुबह छह बजे महाराजा अग्रसेन चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण और विधिवत पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके बाद अपराह्न तीन बजे महाराजा अग्रसेन भवन में सम्मान समारोह और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अग्रवाल सभा ने समाज के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों और समाजबंधुओं से सपरिवार कार्यक्रमों में शामिल होकर समारोह को सफल बनाने की अपील की है।