झाड़ग्राम, 05 अक्टूबर। दुर्गापूजा से पहले अवैध देशी शराब के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। रविवार देर रात तक चले अभियान में झाड़ग्राम जिले के सांकराइल प्रखंड के महुली, नयागांव, बनपुरा, काशीडांगा, नारदा, गुड़ाकुंदा समेत कई इलाकों में संयुक्त अभियान चला कर हजारों लीटर अवैध शराब जब्त किया गया।
नयाग्राम सर्किल के आबकारी विभाग और सांकराइल थाने की पुलिस के संयुक्त अभियान में बड़ी मात्रा में अवैध देशी शराब और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की गई। अभियान के दौरान कुल 80 लीटर अवैध चुलाई शराब और 1160 लीटर किण्वित घोल बरामद किया गया। बरामद शराब और किण्वित घोल को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली चार एल्युमिनियम की हांड़ियां और दो ड्रम भी बरामद किए गए।
प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को मौके पर पहुंचते देखकर अवैध शराब बनाने वाले कारोबारी वहां से फरार हो गए। इस कारण मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार, महुली और नयागांव इलाके में अवैध शराब से संबंधित दो मामले दर्ज किए गए हैं। बरामद सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य करीब दो लाख 72 हजार रुपये बताया गया है।
दुर्गापूजा से पहले अवैध शराब के खिलाफ प्रशासन की इस कार्रवाई से इलाके के लोग खुश हैं। स्थानीय महिलाओं ने कहा कि पूजा से पहले नियमित रूप से इस तरह के अभियान चलाए जाने से अवैध शराब के कारोबार पर काफी हद तक अंकुश लगाया जा सकता है और क्षेत्र का माहौल भी अधिक सुरक्षित रहेगा।
