ss

खूंटी, 05 अक्टूबर । कर्रा प्रखंड के तिलमी स्कूल के करीब 100 बच्चों के शैक्षणिक भ्रमण के दौरान फूड प्वाइजनिंग की चपेट में आने के मामले में खूंटी जिला कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को कर्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि मिश्रा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने प्रभारी चिकित्सक डॉ. झा से मुलाकात कर बच्चों के स्वास्थ्य और इलाज की जानकारी ली। साथ ही इलाजरत बच्चों एवं उनके अभिभावकों से मिलकर उनका हालचाल जाना।

प्रभारी चिकित्सक डॉ. झा ने बताया कि बच्चों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सभी बच्चों का समुचित उपचार किया जा रहा है और फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है।

सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं। कुछ बच्चों का इलाज गांव में भी किया जा रहा है।

जिला अध्यक्ष रवि मिश्रा ने घटना को चिंताजनक बताते हुए बच्चों एवं अभिभावकों से सावधानी बरतने की अपील की।

उन्होंने कहा कि शैक्षणिक भ्रमण के दौरान भोजन को लेकर विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए।

मौके पर विलसन तोपनो, ऋतुराज झा, अजय किशोर मुंडा, विक्रम नाग, अल्बर्ट तिग्गा, एलेक्सियूस परधिया, अनमोल होरो, शशिकांत होरो और अब्बास सहित अन्य मौजूद थे।