लीज नवीकरण, पेयजल और सीवरेज समेत कई मुद्दों पर पहल का निर्णय
रांची, 04 अक्टूबर । एचईसी सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसाइटी की ओर से रविवार को सेक्टर-2 में आमसभा आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष मंगल शर्मा ने की।
बैठक के दौरान मंगल शर्मा ने कहा कि क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए लोगों की एकजुटता जरूरी है। सभी मुद्दों को लेकर संगठित तरीके से पहल की जाएगी।
आमसभा में सर्वसम्मति से पूरे एचईसी क्षेत्र के लोगों को एकजुट करने के लिए अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। संस्था क्षेत्रवासियों को अभियान से जोड़ने के साथ उनकी समस्याओं को संबंधित स्तर तक पहुंचाने की दिशा में काम करेगी।
बैठक में एचईसी क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और उनके समाधान पर चर्चा हुई। इस दौरान एचईसी के लीज क्वार्टरों का लीज नवीकरण कराने, खाली क्वार्टरों को लीज पर देने, पेयजल की समस्या दूर करने और सीवरेज लाइन को दुरुस्त कराने सहित अन्य मुद्दों पर पहल करने का निर्णय लिया गया।
संस्था के सदस्यों ने बताया कि अगली बैठक दुर्गापूजा के बाद धुर्वा में आयोजित की जाएगी। बैठक की तिथि, समय और स्थान बाद में तय किया जाएगा।
मौके पर हरि नारायण पंडित, पारस नाथ प्रसाद, लालदेव सिंह, दशरथ महतो, नागेंद्र प्रसाद, चंद्रशेखर कुमार, सीपी सिंह और चंदेश्वर प्रसाद सहित सेक्टर-1 और सेक्टर-2 के सोसाइटी सदस्य व अन्य लोग मौजूद रहे।
———–
