सिउड़ी, 04 अक्टूबर। पत्थर कारोबारी टुलु मंडल से जुड़े मामले में पुलिस ने पूर्व बीएलआरओ अधिकारी सब्यसाची दत्त को गिरफ्तार किया है। वह मोहम्मदबाजार के पूर्व बीएलआरओ रह चुके हैं और वर्तमान में झाड़ग्राम में एडिशनल डायरेक्टर ऑफ लैंड के पद पर कार्यरत थे।शनिवार को पूछताछ के लिए उन्हें सिउड़ी थाने बुलाया गया था। लंबी पूछताछ के दौरान पुलिस को कई विसंगतियां मिलने के बाद शनिवार देर रात उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। रविवार को सिउड़ी अदालत में पेश किए जाने पर अदालत ने उन्हें पांच दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
सूत्रों के अनुसार, इस मामले में पहले भूमि विभाग के दो कर्मचारियों विश्वजीत साहा और प्रवीर कुमार दास को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान जांचकर्ताओं को सब्यसाची दत्त की भूमिका के बारे में जानकारी मिली।
पुलिस का आरोप है कि दोनों कर्मचारी टुलु मंडल के कर्मचारियों को फर्जी डीसीआर तैयार करने के लिए जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराते थे और इस काम को आगे बढ़ाने की अनुमति सब्यसाची दत्त की ओर से मिलती थी।
हालांकि, सब्यसाची दत्त के वकीलों ने पुलिस के आरोपों को चुनौती देते हुए कहा कि 2022 से 2025 तक मोहम्मदबाजार में बीएलआरओ रहते हुए फर्जी डीसीआर के खिलाफ सबसे पहले शिकायत सब्यसाची दत्त ने ही दर्ज कराई थी। वकीलों ने सवाल उठाया कि जिस अधिकारी को मामले में महत्वपूर्ण गवाह होना चाहिए था, उसे आरोपित बनाकर गिरफ्तार क्यों किया गया।
टुलु मंडल मामले में इस गिरफ्तारी को जांच की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे पहले कई सरकारी कर्मचारियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। अब पुलिस की जांच इस बात पर केंद्रित है कि फर्जी डीसीआर मामले में और किन लोगों की भूमिका थी।
