कोलकाता, 02 अक्टूबर । आईएसएफ समर्थक होने का दावा करते हुए गार्डेनरिच स्टेट जनरल अस्पताल में कथित तौर पर हंगामा करने, धार्मिक विद्वेष फैलाने वाले बयान देने और पुलिसकर्मियों से भिड़ने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कोलकाता पुलिस ने शुक्रवार सुबह इस संबंध में जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब एक बजकर 40 मिनट पर नादियाल स्थित गार्डेनरिच स्टेट जनरल अस्पताल में अशांति की सूचना मिली थी। सूचना पाकर संबंधित थाने के अधिकारी और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस के बयान के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए तीनों लोग अस्पताल के ओपीडी टिकट काउंटर के पास स्थित प्रतिबंधित क्षेत्र में कथित तौर पर जबरन प्रवेश कर वीडियो बनाने लगे और धार्मिक विद्वेष फैलाने वाले बयान देकर माहौल को तनावपूर्ण बनाने की कोशिश की।
पुलिस के अनुसार, ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी पलाश ठाकुर और मोहम्मद अजीबुद्दीन ने तीनों को विद्वेष फैलाने से रोकते हुए प्रतिबंधित क्षेत्र से बाहर जाने को कहा। आरोप है कि इसके बावजूद शेख सलीम, मोहम्मद साहिल और सानाउल्ला खान ने पुलिसकर्मियों की बात नहीं मानी और दोनों पुलिसकर्मियों पर कथित तौर पर हमला करने के लिए चढ़ गए।
इस बीच अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल पहुंच गया। पुलिस ने तीनों आरोपितों समेत चार लोगों को हिरासत में लिया और पूछताछ के लिए थाने ले गई। प्रारंभिक जांच में मिले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर शेख सलीम, मोहम्मद साहिल और सानाउल्ला खान को गिरफ्तार कर लिया गया।
