c

पूर्वी सिंहभूम, 25 सितंबर। गोलमुरी थाना क्षेत्र में अपराधियों ने लगातार दूसरे दिन बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गुरुवार को गोलमुरी केनरा बैंक में करोड़ों रुपये की डकैती की घटना के बाद शुक्रवार को उसी इलाके में चंद कदम की दूरी पर स्थित गोलमुरी बाजार की आरती ज्वेलरी दुकान में चोरी हो गई। अज्ञात चोर दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए।

घटना के संबंध में बिरसानगर निवासी दुकानदार प्रणव राय ने बताया कि वह गुरुवार रात दुकान बंद कर घर चले गये थे। दुकान का शटर बंद था।इसी दौरान चोरों ने वेंटिलेटर तोड़कर दुकान में प्रवेश किया। अंदर पहुंचने के बाद बदमाशों ने लगभग साढ़े चार लाख रुपये के जेवरात और पंद्रह हजार रुपये नकदी पर हाथ साफ कर दिया। शुक्रवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो वेंटिलेटर टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा हुआ था। इसके बाद चोरी की जानकारी हुई।

आसपास के दुकानदारों को घटना की जानकारी हुई। इसके बाद दुकान संचालक को सूचना दी गई। चोरी की खबर फैलते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलने पर गोलमुरी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस को आशंका है कि चोरों ने मौका देखकर दुकान को निशाना बनाया और चोरी के बाद फरार हो गए।

चोरी में कितने मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान गायब हुए हैं, इसका आकलन किया जा रहा है। दुकान संचालक द्वारा सामान का मिलान किए जाने के बाद ही नुकसान की वास्तविक राशि स्पष्ट हो सकेगी।

गौरतलब है कि गोलमुरी इलाके में एक दिन पहले ही केनरा बैंक में बड़ी डकैती की घटना हुई थी। इसके ठीक अगले दिन बैंक से कुछ दूरी पर ज्वेलरी दुकान में चोरी की वारदात ने स्थानीय दुकानदारों और लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।