सड़क हादसे मौत

चंपई सोरेन परिजनों के साथ थाने पहुंचे, एक करोड़ मुआवजा और नौकरी की मांग

जमशेदपुर, 16 सितंबर। बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के सुनसुनिया गेट के पास मंगलवार देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार 27 वर्षीय सागर गोप की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने के बाद युवक ट्रेलर के पहियों के बीच फंस गया और वाहन उसे करीब 30-40 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सागर गोप बाइक से बर्मामाइंस की ओर से साकची जा रहा था। रात करीब 10:30 बजे सुनसुनिया गेट के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने ट्रेलर को रुकवाया और काफी मशक्कत के बाद युवक को पहियों के बीच से बाहर निकाला।

गंभीर हालत में सागर को तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर बर्मामाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोडेड ट्रेलर को जब्त कर थाना ले गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

सागर गोप परसुडीह के बारीगोड़ा क्षेत्र का निवासी था और बर्मामाइंस स्थित एक निजी कंपनी में हेल्पर के रूप में काम करता था। वह अपने पिता का इकलौता पुत्र था। जवान बेटे की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

चंपई सोरेन ने की मुआवजे और नौकरी की मांग

हादसे के अगले दिन बुधवार को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सरायकेला विधायक चंपई सोरेन मृतक के परिजनों के साथ बर्मामाइंस थाना पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को मुआवजा और सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।

पत्रकारों से बातचीत में चंपई सोरेन ने टाटा कंपनी से मृतक के परिजनों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की। उन्होंने कहा कि कंपनी क्षेत्र के आसपास होने वाली ऐसी घटनाओं के प्रति संवेदनशील रुख अपनाए और पीड़ित परिवार की मदद करे।

उन्होंने जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस से भी शहर में भारी वाहनों की आवाजाही और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की। चंपई सोरेन ने कहा कि यदि मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो शहर में कंपनी क्षेत्र के भीतर भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान मृतक के परिजन और समर्थक भी मौजूद रहे।