पूर्वी सिंहभूम, 14 सितंबर । पूर्वी सिंहभूम जिले के कोवाली थाना क्षेत्र के हल्दीपोखर हृदय नगर में रविवार देर रात अज्ञात चोरों ने अधिवक्ता जावेद जमाल के घर का ग्रिल का ताला तोड़कर करीब 17 लाख रुपये की संपत्ति चुरा ली। चोरी गए सामान में करीब 16 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 95 हजार रुपये नकद शामिल हैं। घटना के बाद कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
अधिवक्ता जावेद जमाल के अनुसार, रविवार देर रात करीब दो से तीन बजे के बीच पांच चोर उनके घर में दाखिल हुए। करीब 3:10 बजे उनकी नींद खुली तो उन्हें आंखों में तेज जलन महसूस हुई। पानी से आंखें साफ करने के बाद उन्होंने घर के अंदर देखा तो उनके पिता के कमरे का दरवाजा खुला था। बाहर निकलने पर मुख्य गेट भी खुला मिला। इसके बाद उन्होंने अपनी मां को जगाया और पिता के कमरे की जांच की।
कमरे में रखा गोदरेज टूटा हुआ था। उसमें रखे करीब 16 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 95 हजार रुपये नकद गायब थे। चोरी का पता चलने के बाद परिजनों ने तत्काल कोवाली थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस सुबह करीब चार बजे जावेद जमाल के घर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
परिवार के अनुसार, घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में पांच संदिग्धों की गतिविधियां कैद हुई हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान में जुटी है। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं और चोरों की गिरफ्तारी के लिए छानबीन तेज कर दी है।
