SHUB

कोलकाता, 14 सितंबर। भारतीय महिला क्रिकेट टीम के एशिया कप 2026 का खिताब जीतने पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने टीम को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर भारतीय महिला खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए इसे पूरे देश के लिए गर्व का क्षण बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम के असाधारण आत्मविश्वास, निरंतर प्रदर्शन और मैदान पर अदम्य संघर्ष की भावना ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि टीम की यह ऐतिहासिक सफलता देश के लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और उन्हें खेल के प्रति जुनून के साथ आगे बढ़ने तथा वैश्विक मंच पर देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित करेगी।

भारतीय महिला टीम ने रविवार को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में श्रीलंका को 72 रन से हराकर आठवीं बार महिला एशिया कप का खिताब अपने नाम किया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 183 रन बनाए। शेफाली वर्मा ने 39 गेंदों पर 68 रन और स्मृति मंधाना ने 39 गेंदों पर 59 रन की शानदार पारी खेली। दोनों ने पहले विकेट के लिए 129 रन की मजबूत साझेदारी कर भारत को बड़े स्कोर की नींव दी।

184 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने दबाव में रही और 111 रन पर पूरी टीम पवेलियन लौट गई। श्री चरणी ने प्रभावी गेंदबाजी करते हुए चार विकेट लिए, जबकि दीप्ति शर्मा ने तीन विकेट झटके। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारत ने 72 रन की बड़ी जीत दर्ज कर खिताब पर कब्जा किया।

पूरे टूर्नामेंट में भारतीय टीम का प्रदर्शन शानदार रहा। टीम ने लीग चरण में लगातार प्रभावी प्रदर्शन किया और सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 40 रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। फाइनल में भी बल्लेबाजों और गेंदबाजों के संतुलित प्रदर्शन के दम पर भारत ने श्रीलंका को एकतरफा मुकाबले में शिकस्त दी।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की इस उपलब्धि को देश के लिए गौरव का विषय बताते हुए सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि टीम की यह ऐतिहासिक जीत देशभर में युवा प्रतिभाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का गौरव बढ़ाने के लिए प्रेरित करेगी।