_____002

खूंटी , 12 सितंबर । रिमिक्स फॉल में नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने से रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र के बड़ा घाघरा निवासी छात्र निलेश कच्छप (20) की मौत हो गई। निलेश  और उसके आठ-नौ दोस्तों  शनिवार सुबह करीब 8.30 बजे रिमिक्स फॉल में पार्टी मनाने पहुंचे ।

प्राप्‍त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10.30 बजे निलेश नहाने के लिए पानी में उतरा। फॉल में तैनात कार्यकर्ताओं ने उसे गहरे पानी में जाने से रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। नहाते-नहाते वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे डूबता देखकर दोस्तों ने शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।

प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराए गए लाइफ जैकेट पहनकर ग्रामीण पानी में उतरे और निलेश की तलाश शुरू की। घटना की सूचना मारंगहादा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी युगेश कुमार सिंह तीन अन्य पुलिस पदाधिकारियों और जवानों के साथ रिमिक्स फॉल पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। दोपहर करीब एक बजे निलेश को गहरे पानी से बाहर निकाला गया।

इसके बाद पुलिस उसे तत्काल मारंगहादा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची, जहां चिकित्सक डॉ कुमार आलोक बिहारी ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए खूंटी सदर अस्पताल भेज दिया है।