गिरिडीह, 12 सितंबर । गिरिडीह जिले के देवरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने शनिवार को अवैध शराब की बड़ी खेप जब्त की है । चतरो-महतोटांड़ मुख्य मार्ग पर सांखो गांव के पास पुलिस ने शराब लदे पिकअप वाहन से विभिन्न ब्रांड की 902 बोतल शराब और 450 कैन बीयर बरामद की। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, शराब की खेप बिहार ले जाई जा रही थी।
पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार को सूचना मिली थी कि देवरी थाना क्षेत्र के रास्ते पिकअप वाहन से भारी मात्रा में अवैध शराब बिहार ले जाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद खोरीमहुआ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अमरेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने सांखो गांव के पास संदिग्ध पिकअप को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
तलाशी के दौरान पिकअप से रॉयल चैलेंज फाइनस्ट प्रीमियम व्हिस्की की 72 बोतल, रॉयल स्टैग डीलक्स व्हिस्की की 280 बोतल और आइकॉनिक व्हाइट एलीट इंटरनेशनल ग्रेन व्हिस्की की 550 बोतल बरामद हुई। इसके अलावा किंगफिशर स्ट्रांग क्लासिक प्रीमियम बीयर की 450 कैन मिली। पुलिस ने बरामद शराब की कुल मात्रा करीब 450 लीटर बताई है।
एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। बिहार सीमा से जुड़े इलाकों और मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि शराब के परिवहन और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने शराब और पिकअप वाहन जब्त कर लिया है। मामले में देवरी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस शराब की खेप के स्रोत और बिहार में उसके संभावित गंतव्य का भी पता लगा रही है।
