shub

सिलीगुड़ी, 8 सितंबर। गोरखालैंड टेरिटोरियल एडमिनिस्ट्रेशन (जीटीए) में कथित भ्रष्टाचार को लेकर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को सख्त रुख अपनाया है। सिलीगुड़ी स्थित मिनी शाखा सचिवालय उत्तरकन्या से आयोजित वर्चुअल प्रशासनिक बैठक के दौरान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि जीटीए में हुए भ्रष्टाचार की जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि जीटीए में शिक्षक नियुक्ति से लेकर जनता के पैसों के कथित दुरुपयोग तक कई मामलों की जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर प्राथमिक दर्ज की जाएगी और आरोपितों की गिरफ्तारी भी होगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

मुख्यमंत्री ने पहाड़ के विकास को अपनी प्राथमिकता बताते हुए कालिम्पोंग समेत पूरे पर्वतीय क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने की बात कही है। उन्होंने जीटीए के लिए बजट बढ़ाने का भी आश्वासन दिया।दरअसल, मंगलवार को कालिम्पोंग टाउन हॉल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री को विभिन्न सामाजिक योजनाओं का लाभ पहाड़वासियों को सौंपने के साथ प्रशासनिक बैठक में शामिल होना था। लेकिन खराब मौसम के कारण उनका हेलिकॉप्टर कालिम्पोंग में लैंड नहीं कर सका।

कालिम्पोंग में दो बार लैंडिंग की कोशिश नाकाम होने के बाद सुरक्षा कारणों से हेलीकॉप्टर को सिलीगुड़ी लाया गया। बाद में उत्तरकन्या के पास वीडियोकॉन मैदान में हेलीकॉप्टर उतारा गया। इसके बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने उत्तरकन्या से ही वर्चुअल माध्यम से बैठक में हिस्सा लिया। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने जीटीए के कामकाज और पहाड़ के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की। साथ ही कथित भ्रष्टाचार के मामलों की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर कड़ा संदेश दिया।