कोलकाता, 08 सितंबर। पूर्व मेदिनीपुर जिले की नंदीग्राम तथा मुर्शिदाबाद जिले की रेजी नगर विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की तारीख घोषित कर दी गई है। निर्वाचन आयोग के अनुसार, दोनों सीटों पर आगामी छह अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि नौ अक्टूबर को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किये जाएंगे।
आयोग की अधिसूचना के अनुसार, नौ सितंबर को राजपत्र के माध्यम से उपचुनाव की औपचारिक प्रक्रिया शुरू होगी। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 16 सितंबर है। 17 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। उम्मीदवार 19 सितंबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।
2026 के विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों से मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने चुनाव लड़ा था और दोनों जगह जीत दर्ज की थी। बाद में उन्होंने भवानीपुर सीट अपने पास रखते हुए नंदीग्राम सीट छोड़ने की घोषणा की थी।
विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम सीट से भाजपा उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी को एक लाख 27 हजार 301 वोट मिले थे। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी तृणमूल कांग्रेस के पवित्र कर को एक लाख 17 हजार 636 वोट मिले थे।
दूसरी तरफ मुर्शिदाबाद की रेजीनगर विधानसभा सीट से जनता उन्नयन पार्टी के संस्थापक हुमायूं कबीर ने जीत दर्ज की थी। उन्होंने जिले की भरतपुर विधानसभा सीट से भी चुनाव लड़ा था और वहां से भी विजयी रहे थे। बाद में उन्होंने रेजीनगर सीट छोड़ने की घोषणा की थी
