वज्रपात से दो महिलाओं की मौत

सरायकेला, 7 सितंबर ।  जिले के कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत पांडरा गांव में सोमवार दोपहर करीब 2 बजे वज्रपात की चपेट में आने से दो महिलाओं की मौत हो गई. मृतकों की पहचान 46 वर्षीय सोना मनी महतो, पति आशीर्वाद महतो और 27 वर्षीय मुक्ता महतो, पति पुईतु महतो के रूप में की गई है।

प्राप्‍त जानकारी के अनुसार दोनों महिलाएं  बारिश के दौरान  तेज गर्जना के साथ हुए वज्रपात की चपेट में  आ गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।  घटना के बाद गांव में मातम पसर गया। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया।

जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने  महिलाओं की मौत पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों को सरकारी प्रावधान के अनुसार मुआवजा दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई  करने का आश्‍वासन दिया।

उन्होंने लोगों से बारिश और वज्रपात के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास रहने से बचने की अपील की.