v

कोलकाता, 07 सितंबर। पश्चिम बंगाल में अन्नपूर्णा योजना के लाभार्थियों के लिए राज्य सरकार ने शिकायत दर्ज कराने की सुविधा शुरू की है। अब योजना के तहत राशि नहीं मिलने या किसी अन्य समस्या की स्थिति में लाभार्थी सीधे सरकार की हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करा सकेंगे।

राज्य सरकार के मुताबिक, अन्नपूर्णा योजना की सितंबर की किस्त के तहत पात्र लाभार्थियों के खातों में तीन रुपये भेजे जाने हैं। सरकार ने पहले ही 15 सितंबर तक पात्र लाभार्थियों के खातों में राशि भेजने की प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य तय किया था। हालांकि, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने नवान्न सभागार से 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर राज्यभर में ‘अन्नपूर्णा दिवस’ मनाने की घोषणा की है।

इसके बाद लाभार्थियों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि सितंबर की किस्त 15 सितंबर के बजाय 17 सितंबर को ‘अन्नपूर्णा दिवस’ के मौके पर उनके खातों में भेजी जाएगी या नहीं। इस संबंध में सरकार की ओर से फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।

राज्य सरकार ने बताया कि वर्तमान में करीब एक करोड़ 45 लाख महिलाएं अन्नपूर्णा योजना का लाभ उठा रही हैं। कोलकाता में योजना के करीब एक लाख लाभार्थियों को लेकर विशेष जुलूस आयोजित करने की योजना भी बताई गई है।

अन्नपूर्णा योजना से जुड़ी शिकायतों के लिए सरकार ने हेल्पलाइन नंबर 8282082820 जारी किया है। लाभार्थी सोमवार से शनिवार तक सुबह नौ से शाम छह बजे के बीच इस नंबर पर फोन कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

इसके अलावा ई-मेल के जरिए भी शिकायत भेजी जा सकती है। इसके लिए लाभार्थी asap@wb.gov.in पर अपनी समस्या की जानकारी भेज सकते हैं।

अब नजर इस बात पर है कि 17 सितंबर को प्रस्तावित ‘अन्नपूर्णा दिवस’ के अवसर पर राज्य सरकार लाभार्थियों के लिए कोई नई घोषणा करती है या सितंबर की किस्त के भुगतान को लेकर स्थिति स्पष्ट करती है।