भरभराकर गिरी स्कूल की छत

कोडरमा, 31 अगस्त । जिले के चंदवारा प्रखंड के बेंदी पंचायत अंतर्गत बीरागढ़ा में संचालित नवसृजित प्राथमिक विद्यालय के अर्धनिर्मित भवन की दूसरी मंजिल की छत सोमवार को लगातार हो रही बारिश के बीच अचानक भरभराकर गिर गई। गनीमत रही कि हादसे के समय स्कूल के सभी 35 बच्चे बरामदे में मध्याह्न भोजन कर रहे थे। इस वजह से बड़ा हादसा टल गया और सभी बच्चे सुरक्षित बच गए।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक पिंटू कुमार ने बताया कि स्कूल में करीब 35 बच्चों का नामांकन है और विद्यालय एकल शिक्षक के भरोसे संचालित हो रहा है। सोमवार को बच्चे बरामदे में बैठकर मध्याह्न भोजन कर रहे थे। इसी दौरान भवन की दूसरी मंजिल की छत गिर गई। छत गिरने की तेज आवाज सुनकर बच्चों में डर हो गया। संयोग से कोई भी बच्चा मलबे की चपेट में नहीं आया।

प्रधानाध्यापक के अनुसार, विद्यालय भवन का निर्माण कार्य वर्ष 2008 में शुरू हुआ था, लेकिन निर्माण पूरा नहीं हो सका। भवन अधूरा और जर्जर हालत में पड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि भवन की जर्जर स्थिति को लेकर कई बार विभाग को लिखित रूप से जानकारी दी गई, लेकिन अब तक मरम्मत या नए भवन के निर्माण को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से जर्जर स्कूल भवन की जांच कराने और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि बच्चे छत के नीचे मौजूद होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। ऐसे में प्रशासन को मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द आवश्यक कदम उठाना चाहिए।