दो किशोरों पर गिरी आकाशीय बिजली

पूर्वी सिंहभूम, 31 अगस्त । पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत कोंकाधासा गांव में रविवार देर शाम बारिश के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से दो किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए।  दोनों को इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी स्थिति गंभीर बताई है।

घायलों की पहचान कोंकाधासा गांव निवासी 15 वर्षीय दीपक सिंह और 17 वर्षीय फतू सिंह के रूप में हुई है। बताया गया कि दोनों रविवार शाम तालाब में नहाने गए थे। इसी दौरान अचानक बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए दोनों कुछ अन्य युवकों के साथ तालाब के किनारे स्थित कुसुम के पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी बीच तेज गर्जना के साथ अचानक आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में दीपक और फतू आ गए।

आकाशीय बिजली गिरने  के बाद दोनों किशोर झुलसकर मौके पर ही बेहोश हो गए, जबकि उनके साथ मौजूद अन्य युवक बाल-बाल बच गए। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। साथ मौजूद युवकों ने इसकी जानकारी गांव में दी, जिसके बाद दोनों के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों और परिजनों की मदद से दोनों किशोरों को अस्पताल ले जाने की तैयारी की गई।

करीब दो घंटे बाद उन्हें जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने दोनों का इलाज शुरू किया। सोमवार को डॉक्टरों ने बताया कि आकाशीय बिजली से झुलसे दोनों किशोरों की हालत गंभीर बनी हुई है।