asdj

-आरोपियों की निशानदेही पर तीनों शव बरामद, खून लगी कुल्हाड़ी जब्त

पश्चिमी सिंहभूम, 28 अगस्त । पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र के केन्जरा टोला तारोबबुरू में जमीन विवाद को लेकर तीन लोगों की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने तीनों मृतकों के शव बरामद कर लिए हैं। हत्या में इस्तेमाल की गई खून लगी कुल्हाड़ी भी पुलिस ने जब्त की है।

जगन्नाथपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) रफायल मुर्मू ने शुक्रवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 26 अगस्त 2026 को रमिया दोरायबुरू ने टोंटो थाना में लिखित सूचना देकर बताया था कि केन्जरा टोला तारोबबुरू में जमीन विवाद के चलते उनके परिवार के तीन सदस्यों की हत्या कर दी गई है और उनके शवों को छिपा दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान राजिन दोरायबुरू (40), जानो दोरायबुरू (38) और काण्डे दोरायबुरू (12) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही टोंटो थाना में कांड संख्या 19/2026 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 238 एवं 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी सिंहभूम को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जगन्नाथपुर एसडीपीओ रफायल मुर्मू के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने संभावित ठिकानों पर छापेमारी करते हुए केन्जरा टोला तारोबबुरू से बोंज दोरायबुरू (19), पिता महती दोरायबुरू तथा मुचिया दोरायबुरू (20), पिता मुन्दुआ दोरायबुरू को गिरफ्तार किया।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपियों की निशानदेही पर इलाके में खोजबीन कर तीनों मृतकों के शव बरामद किए। शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

जांच के दौरान पुलिस को हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक कुल्हाड़ी पर खून के निशान मिले हैं। इसे साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया गया है। पुलिस अब बरामद हथियार समेत अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।

एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। पूछताछ और अब तक मिले साक्ष्यों के आधार पर घटना के कारणों, हत्या की परिस्थितियों और मामले में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में पुलिस निरीक्षक प्रेमचन्द्र भगत, झींकपानी अंचल, पुलिस अवर निरीक्षक धन्नजय सिंह, थाना प्रभारी टोंटो थाना, पुलिस अवर निरीक्षक रणधीर कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक विजय कुजूर सहित टोंटो थाना के रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।

पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है। तीनों शवों के बरामद होने के बाद पुलिस हत्या के पीछे जमीन विवाद की वास्तविक परिस्थितियों और घटनाक्रम को स्पष्ट करने में जुटी है।