fswq

हुगली, 23 अगस्त । शनिवार देर रात श्रीरामपुर के बटतला इलाके में स्थित ‘स्मृति प्लाजा’ नामक आवासीय परिसर में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह परिसर के मीटर बॉक्स में शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।

आग लगते ही कुछ ही पलों में लपटों ने वहां खड़ी कई बाइक और साइकिलों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की खबर मिलते ही दमकल विभाग की एक इंजन मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

दमकल कर्मियों की तत्परता से करीब एक घंटे के भीतर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। घटना में आवासीय परिसर के कई वाहन जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि, समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिए जाने से बड़ी जनहानि टल गई और आवासीय परिसर के लोग बाल-बाल बच गए।

आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान का आकलन दमकल विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।