ओंकार द ओनली ट्रुथ का आयोजन
अग्निमित्रा पॉल ने किया उद्घाटन, प्रह्लाद राय गोयनका समेत विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियां रहीं मौजूद
ओंकार समाचार
कोलकाता, 9अगस्त। बंगाल की औद्योगिक क्षमता, नवाचार, उद्यमिता और सामाजिक उपलब्धियों को वैश्विक पहचान दिलाने के उद्देश्य से ओंकार द ओनली ट्रुथ मीडिया समूह की ओर से शनिवार को आयोजित कॉनक्लेव ‘पावरिंग बंगाल 2026’ में राज्य की प्रतिभाओं और उपलब्धियों का भव्य सम्मान किया गया। सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई), कोलकाता में आयोजित इस कार्यक्रम में उद्योग, प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य, सामाजिक विकास, मीडिया और उद्यमिता जगत की कई प्रमुख हस्तियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन पश्चिम बंगाल सरकार की शहरी विकास एवं नगर पालिका मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने किया। इस अवसर पर ओंकार ग्रुप के चेयरमैन प्रह्लाद राय गोयनका, गगन गोयनका , पीयरलेस होटल्स की देबाश्री रॉय सरकार, आरआईएसई फाउंडेशन एवं आईआईएसईआर कोलकाता की डॉ. सोनाली रॉय तथा वरिष्ठ पत्रकार अरकप्रभ सरकार और अरूप काली सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया गया।
कन्वेयर एंड रोपवे सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के चेयरमैन शेखर चक्रवर्ती, सिसिर रडार के संस्थापक डॉ. तपन मिश्रा और स्वामी विवेकानंद विश्वविद्यालय के चांसलर डॉ. नंदन गुप्ता को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया।
रीज़न एनालिटिक्स सॉफ्टेक के संस्थापक एवं सीईओ बिप्लब जाना को बेस्ट इनोवेशन इन हेल्थकेयर अवार्ड, प्राइम इन्फोसर्व के सीईओ सुषोभन मुखर्जी को एक्सीलेंस इन टेक्नोलॉजी एंटरप्रेन्योरशिप अवार्ड तथा बंचबो हीलिंग टच फाउंडेशन के संस्थापक डॉ. धीरेश चौधरी को बेस्ट सोशल एंटरप्रेन्योर अवार्ड दिया गया।
आर्किटेक्ट अयन सेन को बेस्ट इन अर्बन डेवलपमेंट अवार्ड, चंदा चक्रवर्ती को बेस्ट वुमन एंटरप्रेन्योर ऑफ द ईयर अवार्ड तथा लक्ष्मी नायर को बंगाल में पहला पर्ल ज्वेलरी ब्रांड स्थापित करने के लिए सम्मानित किया गया। डॉ. अरिजीत बनर्जी और अर्पिता बनर्जी को द पावर कपल अवार्ड प्रदान किया गया। वहीं शशि भूषण कर एंड ग्रैंडसन्स को प्राकृतिक फाइबर उत्पादों के निर्माण की 121 वर्ष पुरानी विरासत को आगे बढ़ाने के लिए विशेष सम्मान मिला।
वैश्विक तकनीकी बाजार में बंगाल की भूमिका पर चर्चा
कार्यक्रम में ‘बंगाल्स आईटी एंड इलेक्ट्रॉनिक्स–ग्लोबल पॉसिबिलिटीज’ विषय पर विशेष पैनल चर्चा हुई। इनफिनिटी ग्रुप के सीएमडी रवींद्र चमड़िया, एसटीपीआई-कोलकाता के निदेशक मंजीत नायक, वरिष्ठ पत्रकार अरूप काली और रांझिया डिजिटल के सीईओ कौशिक भट्टाचार्य ने बंगाल की तकनीकी क्षमता पर विचार रखे।
पैनल में वैश्विक और घरेलू निवेश आकर्षित करने, स्टार्टअप एवं तकनीकी उद्यमिता को बढ़ावा देने तथा उद्योग, सरकार, शिक्षण संस्थानों और कुशल प्रतिभाओं के बीच मजबूत तालमेल विकसित करने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि बंगाल अपने विशाल प्रतिभा संसाधन और तकनीकी क्षमता के बल पर वैश्विक वैल्यू चेन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
‘पावरिंग बंगाल 2026’ ने केवल उपलब्धियों का सम्मान ही नहीं किया, बल्कि बंगाल के भविष्य को लेकर संवाद का एक महत्वपूर्ण मंच भी प्रदान किया। कार्यक्रम का समापन सरकार, उद्योग, शिक्षा जगत, उद्यमियों और सामाजिक संगठनों के बीच सहयोग बढ़ाकर नवाचार, रोजगार और निवेश के नए अवसर सृजित करने के आह्वान के साथ हुआ।
