रिश्वत लेते पंचायत सेवक गिरफ्तार

लातेहार, 06 अगस्त । जिले के मनिका प्रखंड में कार्यरत पंचायत सेवक नागेश्वर रजक को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने गुरुवार को 10 हजार रुपये का रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। वह चबूतरा निर्माण योजना की राशि का भुगतान कराने के बदले लाभुक से रिश्वत ले रहा था।

जानकारी के अनुसार, मनिका प्रखंड की रांकीकला पंचायत निवासी प्रतिमा देवी के नाम से 80 हजार रुपये की लागत की चबूतरा निर्माण योजना स्वीकृत हुई थी। योजना का कार्य पूरा होने के बाद भी भुगतान नहीं किया जा रहा था। आरोप है कि पंचायत सेवक भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहा था। इससे परेशान होकर लाभुक के परिजनों ने पलामू एसीबी से शिकायत की। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद योजना बनाकर लाभुक को रासायनिक पदार्थ लगे नोट दिए गए और पंचायत सेवक के पास रिश्वत देने के लिए भेजा गया। जैसे ही पंचायत सेवक ने रिश्वत की राशि स्वीकार की, पहले से तैनात एसीबी की टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। जांच के दौरान उसके पास से वही नोट बरामद हुए, जिन्हें एसीबी ने उपलब्ध कराया था। एसीबी ने आरोपित पंचायत सेवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शिकायत के सत्यापन के बाद कार्रवाई की गई और आरोपित को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।