मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी शिविर

ओंकार समाचार

कोलकाता, 2 अगस्त। मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी, कोलकाता की ओर से रविवार को हुगली जिले के सिंगूर में भारत सेवा संघ के सहयोग से निशुल्क नेत्र परीक्षण एवं स्‍वास्‍थ्‍य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 350 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। मरीजों के  सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ ब्‍लड प्रेशर, ब्‍लड शुगर ईसीजी आदि जांचें की गई, जरूरतमंदों को दवाइयों का वितरण निशुल्क किया गया।

नेत्र परीक्षण के दौरान 80 मरीजों को चश्मे की आवश्यकता पाई गई, 15 मरीज मोतियाबिंद से पीड़ित मिले। इन सभी के ऑपरेशन मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अस्पताल, कोलकाता में निशुल्क किए जाएंगे ।

कैंप समन्वयक अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अस्पताल के मानद प्रधान सचिव प्रहलाद रॉय गोयनका की प्रेरणा से आयोजित इस शिविर को सफल बनाने में डॉ. कबीर अहमद और डॉ. मलय दास का विशेष योगदान रहा।

कराटे प्रतियोगिता में फर्स्‍टएड कैंप

मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी की ओर से कराटे फेडरेशन के अनुरोध पर नेताजी इंडोर स्टेडियम, कोलकाता में आयोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप के दौरान फर्स्ट एड कैंप भी लगाया गया। प्रतियोगिता में देश-विदेश से आए लगभग 20 हजार खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान चोटिल और घायल खिलाड़ियों को प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई गई, जिससे आयोजन के दौरान चिकित्सा सहायता सुनिश्चित हो सकी।

शिविर समन्वयक अजय दिवाकर ने बताया कि संस्था जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नियमित रूप से ऐसे निशुल्क चिकित्सा एवं नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित करती है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी यह सेवा अभियान निरंतर जारी रहेगा।

मेडिक्लेम बीमा धारकों के इलाज की सुविधा उपलब्‍ध

अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी में मेडिक्लेम बीमा धारकों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्‍ध है। सोसायटी के अस्‍पताल में आम नागरिकों को न्‍यूनतम शुल्‍क पर बेहतर स्‍वास्‍थ्‍य सेवाएं उपलब्‍ध करवाई जा रही हैं। यहां जनरल वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों से बैड का एक दिन का किराया मात्र 50 रुपए लिया जाता है।

अस्‍पताल में मौजूद होम्‍योपैथिक चिकित्‍सक मात्र 20 रुपए में परामर्श देते हैं और दवा नि:शुल्‍क देते हैं। यहां चिकित्‍सक से परामर्श मात्र 120 रुपए में लिया जा सकता है। परामर्श के साथ दवाएं नि:शुल्‍क उपलब्‍ध कराई जाती है। अस्‍पताल में जेनेरिक दवाएं 60 प्रतिशत डिस्काउंट पर दी जाती हैं।

नि:शुल्‍क सर्वाइकल वैक्‍सीन

सोसायटी ने सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए 9 से 45 साल तक की महिलाओं को सर्वाइकल वैक्‍सीन नि:शुल्‍क देने का अभियान शुरू किया है।