पूर्वी सिंहभूम, 27 जुलाई । सोनारी थाना क्षेत्र के खूंटाडीह (बड़तल्ला) में अजय कुमार यादव (21) ने कथित रूप से मानसिक तनाव और ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर फंदे से लटक कर खुदकुशी कर ली। रविवार की शाम में उसने अपने कमरे में फंदे से लटक कर खुदकुशी कर ली। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। अजय गम्हरिया स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत था।
परिजनों के अनुसार, घटना की जानकारी मिलते ही घर के लोगों ने अजय को फंदे से उतारकर तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सोमवार को पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के मामा रिंकू यादव और अन्य परिजनों ने कदमा निवासी एक युवती पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि युवती लगातार अजय पर शादी करने का दबाव बना रही थी और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के साथ ब्लैकमेल भी कर रही थी।
परिजनों का दावा है कि मृतक के मोबाइल फोन में युवती से हुई बातचीत की कॉल रिकॉर्डिंग मौजूद है, जिससे पूरे मामले का खुलासा हो सकता है। उनका आरोप है कि इसी मानसिक दबाव के कारण अजय ने यह आत्मघाती कदम उठाया।
घटना की सूचना मिलने के बाद सोनारी थाना पुलिस ने शव को लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों और मोबाइल फोन में उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है। मामले के सभी पहलुओं की गहन पड़ताल के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
