सिलीगुड़ी, 27 जुलाई । पश्चिम बंगाल के वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता सोमवार को उत्तरकन्या में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में हिस्सा लेने के लिए बागडोगरा हवाई अड्डे पहुंचे। उनके दो दिवसीय उत्तर बंगाल दौरे के तहत मंगलवार को वह सिलीगुड़ी में बंगाल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की बैठक में भी शामिल होंगे।
बागडोगरा हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता ने कैग की अम्फान रिपोर्ट में कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस विषय पर विधानसभा में विस्तार से चर्चा होगी।
उन्होंने कहा, “पहले पूरी रिपोर्ट पढ़ने दीजिए। 28 रिपोर्ट हमें मिली हैं। हमने उन्हें सदन में पेश करने का प्रस्ताव रखा है। सभी को पहले रिपोर्ट पढ़कर समझना चाहिए, उसके बाद ही कोई टिप्पणी करना उचित होगा।”
वित्त मंत्री ने यह भी कहा कि रिपोर्ट के सभी पहलुओं पर विधानसभा में चर्चा होगी और तथ्यों के आधार पर आवश्यक जवाब दिया जाएगा।
बागडोगरा से वह सीधे सिलीगुड़ी स्थित उत्तरकन्या पहुंचकर प्रशासनिक एवं वित्तीय समीक्षा बैठक में शामिल होंगे। इस बैठक में राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं, विकास कार्यों और वित्तीय प्रबंधन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
