30 मोतियाबिंद रोगियों के होंगे निशुल्क ऑपरेशन
कोलकाता, 26 जुलाई। मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी, कोलकाता की ओर से रविवार को को तीन स्थानों पर निशुल्क नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्यजांच शिविरों का आयोजन किया गया।
एक शिविर उत्तर 24 परगना के श्यामनगर में तपोशिली आदिवासी संगठन के सहयोग से , एक शिविर पश्चिम मेदिनीपुर में विवेकानंद सेवा सदन के सहयोग से तथा एक अन्य शिविर कोलकाता के नूतन बाजार में खटीक समाज के सहयोग से आयोजित किया गया।
तीनों शिविरों में कुल 720 मरीजों के स्वास्थ्य की जांच की गई। शिविर में आए मरीजों की ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, ईसीजी तथा सामान्य स्वास्थ्य जांचें निशुल्क की गई। तथा जरूरतमंद मरीजों को दवाइयों का वितरण भी किया गया।
नेत्रपरीक्षण के दौरान 120 मरीजों को चश्मे की आवश्यकता पाई गई, 30 मरीज मोतियाबिंद से पीड़ित मिले, जिनका ऑपरेशन मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अस्पताल, कोलकाता में निशुल्क किए जाएंगे।
कैंप समन्वयक अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अस्पताल के मानद प्रधान सचिव प्रहलाद रॉय गोयनका की प्रेरणा से आयोजित इन शिविरों को सफल बनाने में डॉ. दिनेश सिंह, डॉ. मलय दास, डॉ. शंकर मंडल और डॉ. कबीर अहमद का विशेष योगदान रहा।
शिविर समन्वयक अजय दिवाकर ने बताया कि संस्था जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नियमित रूप से ऐसे निशुल्क चिकित्सा एवं नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित करती है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी यह सेवा अभियान निरंतर जारी रहेगा।
मेडिक्लेम बीमा धारकों के इलाज की सुविधा उपलब्ध
अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी में मेडिक्लेम बीमा धारकों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध है। सोसायटी के अस्पताल में आम नागरिकों को न्यूनतम शुल्क पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। यहां जनरल वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों से बैड का एक दिन का किराया मात्र 50 रुपए लिया जाता है।
अस्पताल में मौजूद होम्योपैथिक चिकित्सक मात्र 20 रुपए में परामर्श देते हैं और दवा नि:शुल्क देते हैं। यहां चिकित्सक से परामर्श मात्र 120 रुपए में लिया जा सकता है। परामर्श के साथ दवाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाती है। अस्पताल में जेनेरिक दवाएं 60 प्रतिशत डिस्काउंट पर दी जाती हैं।
नि:शुल्क सर्वाइकल वैक्सीन
सोसायटी ने सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए 9 से 45 साल तक की महिलाओं को सर्वाइकल वैक्सीन नि:शुल्क देने का अभियान शुरू किया है।
