शव बरामद

पूर्वी सिंहभूम, 26 जुलाई । परसुडीह थाना क्षेत्र के भुडरूडीह कैनाल किनारे रविवार सुबह एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए। सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। समाचार लिखे जाने तक महिला की पहचान नहीं हो सकी थी।

घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार, सुबह कैनाल किनारे महिला का शव दिखाई देने के बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीरों की भीड़ लग गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। साथ ही क्षेत्र से आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए गए।

स्थानीय लोगों ने शव की स्थिति को देखते हुए महिला के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि महिला के कपड़े अस्त-व्यस्त थे तथा शरीर का ऊपरी और निचला हिस्सा नग्न अवस्था में था। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दुष्कर्म की पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है और इस संबंध में कोई निष्कर्ष पोस्टमार्टम तथा फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही निकाला जाएगा। मानवता के नाते स्थानीय लोगों ने शव को तौलिये से ढक दिया।

महिला के हाथों में लगी ताजा मेहंदी है। मेहंदी पूरी तरह फीकी नहीं पड़ी थी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि महिला हाल ही में किसी शादी या पारिवारिक समारोह में शामिल हुई होगी। पुलिस अब आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का मिलान कर मृतका की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में ऐसा प्रतीत होता है कि महिला की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और बाद में शव को भुडरूडीह कैनाल किनारे लाकर फेंक दिया गया। हालांकि यह केवल प्रारंभिक अनुमान है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और मृतका की पहचान के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।