रांची, 25 जुलाई। झारखंड पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत पलामू और गिरिडीह पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुल 205 गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी और उन्होंने पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पलामू में 104 मोबाइल बरामद
पलामू पुलिस ने पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के नेतृत्व में पिछले दो माह के दौरान जिले के 19 थाना क्षेत्रों में अभियान चलाकर 104 गुम मोबाइल फोन बरामद किए। पुलिस मुख्यालय एवं डीजीपी तदाशा मिश्रा के निर्देश पर मेदिनीनगर स्थित पुलिस कार्यालय में आयोजित विशेष शिविर में मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए।
एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि रेहला थाना ने सबसे अधिक 14 मोबाइल, शहर थाना ने 10 और सदर थाना ने 9 मोबाइल बरामद किए। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार का अभियान जारी रहेगा, जिससे पुलिस के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत होगा। कार्यक्रम में चैनपुर थाना प्रभारी लालजी, छतरपुर थाना प्रभारी सौरभ चौबे, तरहसी थाना प्रभारी राजेश रंजन, रामगढ़ थाना प्रभारी ओमप्रकाश शाह सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
गिरिडीह में 101 लोगों को मिले मोबाइल
उधर, गिरिडीह जिले के पपरवाटांड़ स्थित न्यू पुलिस लाइन के बहुउद्देशीय भवन में ‘आपका मोबाइल फिर से आपके पास’ अभियान के तहत 101 लोगों को उनके गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन लौटाए गए। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने लाभुकों को अपने हाथों से मोबाइल सौंपे।
एसपी डॉ. विमल कुमार ने कहा कि आज के डिजिटल युग में मोबाइल फोन केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि बैंकिंग, ऑनलाइन शिक्षा, पहचान और दैनिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। इसलिए मोबाइल गुम होने या चोरी होने पर लोगों को आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि शिकायत मिलते ही गिरिडीह पुलिस आधुनिक तकनीक और उपलब्ध संसाधनों की मदद से मोबाइल का पता लगाकर उसे उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचाने का प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से जिले में पहले भी सैकड़ों लोगों को उनके खोए हुए मोबाइल वापस दिलाए जा चुके हैं।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे लोगों ने अपना मोबाइल वापस मिलने पर खुशी जताई और गिरिडीह पुलिस, एसपी डॉ. विमल कुमार तथा पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। पुलिस ने आम लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने की स्थिति में तत्काल संबंधित थाना या ऑनलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते उसे बरामद कर वास्तविक मालिक तक पहुंचाया जा सके।
