fqweq

पूर्वी सिंहभूम, 18 जुलाई । दक्षिण पूर्व रेलवे के जोनल रेल प्रशिक्षण संस्थान (जेडआरटीआई), सिनी में शनिवार को आपदा प्रबंधन विषय पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में टाटानगर रेल सिविल डिफेंस के इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने अतिथि व्याख्याता के रूप में भाग लेते हुए विभिन्न आपदा परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी राहत-बचाव कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में दक्षिण पूर्व रेलवे तथा ईस्ट कोस्ट रेलवे के रिफ्रेशर ट्रेन मैनेजरों ने भाग लिया।

प्रशिक्षण के दौरान इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने किसी भी दुर्घटना के बाद पहले एक घंटे यानी ‘गोल्डन आवर’ के महत्व पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बताया कि इस अवधि में समय पर और सही तरीके से की गई सहायता गंभीर रूप से घायल व्यक्ति का जीवन बचाने में निर्णायक भूमिका निभाती है। उन्होंने एम्बुलेंस सेवाओं (102 एवं 108) के उपयोग, घायलों की ट्रायेज प्रणाली, सुरक्षित परिवहन, प्राथमिक उपचार तथा फर्स्ट एड की जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) की तकनीक का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। उन्होंने आपातकालीन परिस्थितियों में सीपीआर देने की सही प्रक्रिया का प्रदर्शन करते हुए बताया कि समय पर दिया गया सीपीआर कई मामलों में जीवनरक्षक साबित हो सकता है।

बरसात के मौसम को देखते हुए प्रशिक्षण में सर्पदंश से बचाव पर भी विशेष सत्र आयोजित किया गया। इसमें विषैले और विषहीन सांपों की पहचान, सर्पदंश की स्थिति में प्राथमिक उपचार तथा बचाव के वैज्ञानिक तरीकों की जानकारी डिजिटल माध्यम से दी गई। विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को जागरूक करते हुए बताया कि ऐसी परिस्थितियों में घबराने के बजाय वैज्ञानिक तरीके अपनाना और पीड़ित को शीघ्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सबसे महत्वपूर्ण है।